रेणुकूट। गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो आरोपियों को पिपरी पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ट्रकों में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कंपनियों का माल लादकर गायब कराने वाले गिरोह से जुड़े हैं। पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया।
पिपरी थाना प्रभारी दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि ट्रांसपोर्ट के माध्यम से अपने वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कंपनियों का माल लोडकर उस माल को गंतव्य तक पहुंचने से पहले ही गायब करने वाले गिरोह की सक्रियता के बारे में जानकारी मिली थी। इस आधार पुलिस ने छानबीन के बाद कानपुर नगर के नौबस्ता थाना क्षेत्र निवासी गैंग लीडर अभिषेक सिंह यादव व उसके साथी बिधनू थाना क्षेत्र के कोयला नगर निवासी सुमित कुमार यादव के विरुद्ध गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। दोनों की लंबे समय से तलाश की जा रही थी। दोनों के क्षेत्र में मौजूदगी की सूचना मिलते ही घेरेबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गैंग लीडर पर पिपरी के अलावा हमीरपुर, कानपुर में भी मुकदमे दर्ज हैं।