मधुपुर। एसओजी वाराणसी और वन विभाग की टीम ने वन्य जीवों के खाल की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से वन्य जीव कहट की खाल बरामद की गई है। इसका इस्तेमाल बुलेट प्रूफ जैकेट बनाने में होता है। टीम करीब एक सप्ताह से तस्करों के पीछे लगी हुई थी। सुकृत रेंज के वन क्षेत्राधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि वन्य जीवों की खाल की तस्करी की सूचना पर विशेष टीम कई दिनों से क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। टीम ने सुकृत के जंगलों में डेरा डाल रखा था। मुखबिर के माध्यम से टीम ने कहट की खाल के लिए तस्करों से बीस लाख रुपये में सौदा तय किया। खाल लेकर उन्हें सुकृत के एक होटल में पैसा देने के लिए बुलाया। उनके पहुंचते ही टीम ने उन्हें दबोच लिया। पूछताछ में उनकी पहचान जीउत भारती और अजय भारती के रूप में हुआ। पूछताछ के बाद दोनों को संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि कहट की खाल का इस्तेमाल बुलेट प्रूफ जैकेट बनाने में होता है। बेहद मोटी खाल होने के कारण इससे बने जैकेट पर गोली का कोई असर नहीं होता। उन्होंने बताया कि पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।