शक्तिनगर। स्थानीय और एसओजी की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अंतरप्रांतीय गिरोह के दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 31 किलो से अधिक गांजे की खेप बरामद हुई है। लग्जरी कार में छिपाकर यह गांजा ओडिशा से प्रयागराज ले जा रहे थे। तस्करों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।
सीओ पिपरी प्रदीप सिंह चंदेल ने बताया कि निकाय चुनाव के मद्देनजर तेलगंवा बॉर्डर पर बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इस बीच शुक्रवार की रात मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार के अंदर 30 पैकेटों में 31 किलो 100 ग्राम गांजा छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने कार कब्जे में लेते हुए उसमें सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मुकेश भैसा निवासी झारोगांव थाना लेफरीपड़ा जनपद सुन्दरगढ़ ओडिशा और हेमन्त किशन निवासी मोहिल जोर थाना सदर सुन्दरपुर जनपद सुन्दरगढ़ ओडिशा के रूप में हुई। दोनों ने बताया कि वह गांजा सुंदरगढ़ से लेकर प्रयागराज पहुंचाने जा रहे थे। बरामद गांजे की कीमत करीब तीन लाख रुपये है। पुलिस को उनसे पूछताछ में कई अहम जानकारी भी मिली है। दोनों को सम्बंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया। पुलिस टीम में एसओ शक्तिनगर राजेश सिंह, एसओजी प्रभारी शेषनाथ पाल, एसएसआई वंशराज यादव, हेड कांस्टेबल जगदीश मौर्य, अतुल सिंह, अमर सिंह, शशि प्रताप, सतीश कुमार आदि शामिल रहे।