सोनभद्र/चोपन। चोपन-सिंदुरिया रोड पर बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पतालों और पैथोलॉजी केंद्रों की जांच की। इस दौरान दो पैथोलॉजी केंद्र और एक अस्पताल बगैर पंजीयन संचालित मिले। टीम ने तीनों को तत्काल सील कर संचालकों को नोटिस जारी किया। तीन दिन में जवाब नहीं देने और दोबारा बगैर पंजीयन संचालन मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कराने की चेतावनी दी गई। सीएमओ डॉ. रमेश कुमार मिश्र के निर्देश पर एसीएमओ/नोडल डॉ. गुलाब शंकर के नेतृत्व में टीम ने चेकिंग की। रूही पैथोलॉजी, ओम पैथोलॉजी और जीवनदानी हॉस्पिटल के संचालक पंजीयन प्रमाणपत्र नहीं दिखा सके। विभागीय रिकॉर्ड में भी इनका पंजीयन दर्ज नहीं मिला। इसके बाद तीनों संस्थानों को सील कर संचालकों को नोटिस थमाया गया। एसीएमओ ने बताया कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बगैर पंजीयन दोबारा संचालन पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।