घोरावल। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के पेढ़ गांव से नौ वर्षीय बालक के अपहरण के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में मिले अहम सुराग पर पुलिस ने शीघ्र खुलासे का भी दावा किया है। उधर, घटना के छह दिन बाद भी बालक का पता न चलने से माता-पिता सहित अन्य घरवालों की चिंता बढ़ती जा रही है।
पांच मार्च को पेढ़ निवासी अनुराग पाल (9) संदिग्ध हाल में लापता हो गया था। बालक के पिता मंगल पाल ने बताया कि घटना के दिन उसका पुत्र अनुराग घर के बाहर साइकिल चला रहा था। तीन युवक अपाचे बाइक से आए और उसके पुत्र को बहला-फुसलाकर साथ लेकर चले गए। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पेढ़ गांव निवासी इंद्रजीत यादव, अमरजीत यादव और राजेश यादव के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में सीओ संजीव कटियार ने बताया कि घटना में दो नामजद आरोपी राजेश यादव और इंद्रजीत यादव को शुक्रवार की भोर में पेढ़ तिराहे के पास विसुंधरी मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया। एक नामजद आरोपी अभी फरार है। पुलिस, क्राइम ब्रांच, एसओजी, सर्विलांस की टीमें अपहृत बालक की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार सक्रिय हैं।