शक्तिनगर। आदिवासी युवक की पिटाई करने व उस पर पेशाब करने के मामले में नामजद दो अन्य आरोपियों को शुक्रवार गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेज दिया। अब तक इस मामले में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। दो फरार युवकों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें शुक्रवार को भी लगी रहीं।
26 सितंबर की देर शाम क्षेत्र में स्थित एनसीएल खड़िया कोयला के एक नंबर बैरियर पर घटना हुई थी। यहां निमियाडांड गांव (चिल्काडांड) निवासी दबंग युवकों ने मामूली विवाद में आदिवासी युवक की पिटाई कर पेशाब कर दिया था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद मामला संज्ञान में आया। पीड़ित युवक को उसके भाई उपचार के लिए मध्यप्रदेश के बैढ़न ले गया। वहां से लौटने पर भाई ने तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अंकित भारती को गिरफ्तार कर लिया। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी श्रवण व निखिल कुमार को पीडब्ल्यूडी मोड़ से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। अब इस मामले में पुलिस रवि रावण व प्रीतम की तलाश में दबिश दे रही है। प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि दो अन्य फरार आरोपियों के संबंध में पुलिस को पुख्ता सबूत मिले हैं और जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।