शक्तिनगर। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र में बुधवार की रात घुसे चोरों ने कैश काउंटर से दो लाख रुपये नकद चुरा लिया। केंद्र का सीपीयू भी चोर उठा ले गए। इसी तरह दो अन्य आवासों में घुसे चोरों ने मोबाइल, नकदी व सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किया। सुबह शक्तिनगर के प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने मौका मुआयना किया। सीसीटीवी फुटेज देखकर उसे सुरक्षित कराने कार्य किया।
क्षेत्र के कोटा में यशराज गुप्ता व इनके परिवारीजन एसबीआई के साथ यूको बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र संचालित करते हैं। इसके अलावा यहीं से कम्प्यूटर संबंधी कार्य, फोटो काॅपी व स्टेशनरी की बिक्री होती है। चोरों ने ग्राहक सेवा केंद्र सहित दो घरों से लाखों रुपये नगद व मोबाइल व आभूषण चुरा लिया। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। चोरों ने खुद को पूरी तरह ढक कर घटना को अंजाम दिया।
इसी तरह चोरों ने विक्की शाह पुत्र विनोद शाह के घर में खिड़की के रास्ते घुसकर दो स्मार्टफोन जिसकी कीमत 55 हजार रुपये बताई जा रही है, उस पर हाथ साफ कर दिया। तीसरी घटना ग्राहक सेवा केंद्र के बगल में बेला देवी पत्नी सिद्धन गिरी के घर में चोरों ने घुसकर आलमारी तोड़कर उसमें रखा 20 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने उठा ले गए। एक ही रात में अगल-बगल हुई चोरी की घटनाओं से रहवासियों में दहशत फैल गई है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।