पिपरी थाना क्षेत्र के लभरी गांव के समीप सोमवार की शाम लगभग चार बजे हुए हादसे में राखड़ लदे हाईवा के चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद काफी देर तक हाईवा के केबिन में चालक फंसा रहा। घटना के बाद जाम की स्थिति बनी रहीं।
पुलिस शव कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई है। पिपरी थाना क्षेत्र के लभरी गांव के समीप वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर सोमवार की शाम लगभग चार बजे हुए हादसे में एक ग्रामीण की जान चली गई।
पिपरी थाना प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि लभरी गांव निवासी पप्पू (45) पुत्र सोनशाह जानवरों को चराने जंगल गया था और जंगल से वापस आ रहा था। इस दौरान अनपरा की ओर से आ रहे हाईवा ने उसे धक्का मार दिया। ग्रामीण को बचाने के चक्कर में हाईवा भी अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।
जिससे वाहन चला रहा चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसी केबिन में फंस गया। देर शाम तक पुलिस उसे निकालने के प्रयास में लगी हुई थी। हालांकि चालक की मौत हो गई। चालक का नाम व पता के बारें में जानकारी नहीं हो सकी है।
बता दें कि ओवरलोड वाहनों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं इसके बावजूद जिला प्रशासन इस पर लगाम नहीं लगा पा रहा है आए दिन हो रहे हादसों में असमय लोगों की जान चली जा रही है।