ओबरा। रेणुका नदी पर निर्मित नए पुल के पास रविवार को मोबाइल से सेल्फी लेने के दौरान किशोर समेत दो लोग नदी में गिर गए। गहरे पानी में समाने से दोनों डूब गए। पुलिस गोताखारों की मदद से उनकी तलाश में जुटी है, मगर देर शाम तक कुछ पता नहीं चल पाया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। गाजीपुर जिले के बरदहा गांव निवासी सुभाष मौर्य ओबरा थाने में तैनात हैं। उनके यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए छोटा भाई मुकेश मौर्य (25) पुत्र बेनी प्रसाद मौर्य आया था। ओबरा सीओ कार्यालय में तैनात गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र निवासी अरविंद कुमार का भतीजा अंकित कुमार (16) भी कार्यक्रम में पहुंचा था। प्रयागराज के मांडा निवासी आशुतोष कुशवाहा भी अपने रिश्तेदार के ओबरा आया था। तीनों रविवार की सुबह घूमने के लिए रेणुका नदी पर निर्मित नए पुल पर पहुंचे। वहां एक टीले पर खड़े होकर सेल्फी लेने के दौरान अंकित का पैर फिसला तो उसे पकड़ने की कोशिश में मुकेश भी उसके साथ नदी में गिर गया। दोनाें डूबने लगे। उन्हें बचाने के लिए आशुतोष भी नदी में कूदा, लेकिन कुछ देर में वह बाहर आ गया। शोर मचाने पर आसपास के लोग पहुंचे। परिजनों और पुलिस को हादसे की सूचना दी गई। एएसपी कालू सिंह, सीओ डॉ. चारू द्विवेदी, एसओ देवीवर शुक्ला मौके पर पहुंचे। इसके बाद नाविकों व गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की गई लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिल पाई थी। अंधेरा होने के कारण शाम करीब 5:30 खोजबीन बंद कर दी गई। वहीं, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सीओ के मुताबिक सोमवार को पीएसी और एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई है।