सोनभद्र/म्योरपुर। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में डूबने से दो दिव्यांग युवकों की मौत हो गई। सदर कोतवाली क्षेत्र में दिव्यांग युवक पानी से भरे गड्ढे में गिरने से डूब गया। वहीं म्योरपुर में कुएं में गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर पालिका क्षेत्र के विकासनगर निवासी सुशील जायसवाल का पुत्र सुदामा (27) दोनों पैर व हाथों से अशक्त था। मंगलवार की देर शाम करीब आठ बजे वह घर के बाहर मौजूद था। अचानक से वह असंतुलित होकर गड्ढे में गिर गया। हाथ पैर न चला पाने के कारण वो काफी देर तक पानी में डूबा रहा। उसे खोजते हुए परिजन वहां पहुंचे तो सुदामा को गड्ढे में गिरा देख सन्न रह गए। पानी से बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले गए, जहां स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने वाराणसी रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर रात में ही ट्रामा सेंटर पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंचे सदर कोतवाल लक्ष्मण पर्वत ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। उधर, म्योरपुर थाना क्षेत्र के जुरा गांव में मंगलवार की रात कुएं में गिरने से युवक की मौत हो गई।
जुरा गांव निवासी कृष्ण कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उसका भाई सुशील कुमार (35) नेत्रहीन था। रोजाना शाम को वह घूमने निकल जाता था और देर रात वापस भी आ जाता था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार की रात आठ बजे वह घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं आया। सुबह उसकी खोज की जाने लगी तो उसका शव कुएं में मिला। लीलासी चौकी इंचार्ज धर्मनाथ सिंह ने शव का पंचनामा पर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सीएचसी भेज दिया है।