शक्तिनगर। जिले से सटे सिंगरौली (मप्र) के निगरी चौकी स्थित छमरछ गांव में बीते माह विवाहिता की खुदकुशी मामले में पुलिस ने सास व देवर को गिरफ्तार कर शुक्रवार जेल भेज दिया। जांच में प्रताड़ित करने का मामला सामने आया था। निगरी पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर विवेचना में लिया था। पुलिस अधीक्षक बीरेंद्र सिंह के निर्देशन में जांच चौकी प्रभारी निगरी शीतला यादव ने किया। जांच में पाया कि मृतिका राजकुमारी प्रजापति (26) ने अपनी सास व देवर की प्रताड़ना से तंग आकर फांसी लगाई है। सरई के टीआई संतोष तिवारी ने बताया कि चरित्र संदेह को लेकर ससुराल पक्ष द्वारा राजकुमारी को प्रताड़ित किया जा रहा था।पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई कि मृतिका राजकुमारी प्रजापति का पति बुद्धसेन प्रजापति अपने ससुराल सीधी जिले में रहकर मजदूरी का कार्य करता था जो महीना- 15 दिन में ही कुछ समय के लिए घर आया करता था। वहीं ससुराल पक्ष से अलग रह रही उनकी मंझली बहू राजकुमारी प्रजापति पर उसकी सास शांति प्रजापति व देवर संदीप प्रजापति द्वारा चरित्र संदेह कर अक्सर गाली गलौज व अभद्र टिपणी कर प्रताड़ित किया जाता था। 15 जून की रात भी सास और देवर द्वारा मृतिका राजकुमारी के साथ गाली गलौज व अभद्रता की गई थी, जिससे क्षुब्ध होकर उसने फांसी लगा ली।