रेणुकूट में सडक हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।संवाद
रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र के वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग पर पिपरी चौराहे से लगभग एक किलोमीटर आगे नौकोठिया मोड़ के पास रविवार को बारिश के कारण एक ट्रक फिसलकर सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गया। संयोग था कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई लेकिन बीच सड़क दुर्घटना के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। जौनपुर से विंध्यनगर के लिए खाली ट्रक जा रहा था। वहीं सामने से राख लदा ट्रेलर शाहगंज की ओर जा रहा था। नौकोठिया मोड़ पर बारिश के कारण सड़क फिसलन होने से ट्रक अनियंत्रित होकर सामने से आ रही ट्रेलर से जा भिड़ी। दोनों वाहनों की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। टक्कर में दोनों वाहनों को मामूली क्षति पहुंची, जबकि चालक और अन्य लोग सुरक्षित रहे। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई। हालांकि दोनों वाहनों को सड़क किनारे कर दिए जाने से यातायात जल्द ही सामान्य हो गया। सूचना पर पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए आवागमन सुचारु कराया।