चोपन। सोनांचल ट्रक ओनर्स एसोसिएशन के बैनर तले ट्रक मालिक शुक्रवार को भी हड़ताल पर डटे रहे। डाला खनन क्षेत्र में धरनारत ट्रक मालिकों ने खनिज विभाग पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। हड़ताल के कारण गिट्टी-बालू की ढुलाई दूसरे दिन भी ठप रही। ट्रकों के पहिए थमे रहे। धरनास्थल पर आंदोलित ट्रक मालिकों ने कहा कि ओवरलोडिंग रोकने के नाम पर खनिज विभाग ट्रक मालिकों का उत्पीड़न कर रहा है। एकतरफा कार्रवाई की जा रही है, जबकि लोडिंग प्वाइंट से ही ट्रकों पर ओवरलोड माल लादा जा रहा है। बावजूद क्रशर संचालकों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं हो रही। रायल्टी का रेट तय न होने से फर्जी परमिट के मामले भी बढ़ रहे हैं। इन सबका कोपभाजन ट्रक मालिक ही बन रहे हैं। पिछले दिनों ज्ञापन देकर अफसरों से इस बारे में शिकायत दर्ज कराई गई थी। कोई सुनवाई न होने पर हड़ताल का रास्ता चुनना पड़ा है। प्रशासन शीघ्र कोई निर्णय नहीं लेता तो आमरण अनशन शुरू करने को एसोसिएशन बाध्य होगा। धरनास्थल पर पहुंचे राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार पटेल ने ट्रक मालिकों की मांगों को जायज करार देते हुए समर्थन का एलान किया। इस मौके पर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल किशोर सिंह, बिट्टू सिंह, मंगल मौर्य, विनोद सिंह, राजनारायण सिंह, धर्मेंद्र जायसवाल, बिट्टू यादव, दीपू पांडेय, पंकज राय, भोले पटेल, अमित सिंह, रोहित दुबे, अनीश पांडेय, रविंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।