फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonebhadra News: स्क्रैप लदा ट्रक गायब कर मिर्जापुर में बेचा, तीन गिरफ्तार

विज्ञापन
स्क्रैप लदे ट्रक क़ो गायब करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी और बरामद सामान। स्त्रोत :पुलिस
विज्ञापन
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने स्क्रैप लदे ट्रक को गायब करने के मामले में रविवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। माल सहित ट्रक को मिर्जापुर के कबाड़ी को बेच दिया गया था। गोदाम में दबिश देकर पुलिस ने 15 लाख रुपये कीमत के ट्रक के कटे कल-पुर्जे, आरोपियों के पास से पांच लाख रुपये नकद, चार मोबाइल और घटना में प्रयुक्त बाइक समेत अन्य सामान बरामद किए हैं। मामले में नीरज यादव और उमाकांत यादव समेत अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है। रेणुकूट निवासी ब्रह्मप्रसाद पांडेय ने 12 सितंबर को रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि नौ सितंबर को बरगवां (सिंगरौली) से 24 टन 900 किलोग्राम स्क्रैप आयरन लेकर जौनपुर के नंबर के ट्रक को चुनार स्थित महामाया इस्पात कंपनी भेजा गया था। दस सितंबर को चालक से संपर्क करने पर उसने बताया कि लोढ़ी टोल प्लाजा के पास सुबह करीब सवा पांच बजे अज्ञात वाहन स्वामी ने उसे ट्रक से उतार दिया और 500 रुपये देकर वाराणसी भेज दिया। इसके बाद स्क्रैप लदा ट्रक गायब हो गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। एएसपी ऋषभ रुणवाल और सीओ सिटी रणधीर मिश्र ने बताया कि जांच में ट्रक मालिक के रूप में मनोज यादव का नाम प्रकाश में आया। सीडीआर, एसडीआर, सीसीटीवी फुटेज, मार्ग की पड़ताल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को घटना से जुड़े लोगों के बारे में जानकारी मिली। जांच में सामने आया कि नीरज यादव और उमाकांत यादव ने कथित तौर पर योजना बनाकर ट्रक को कब्जे में लिया और मिर्जापुर ले गए। वहां ट्रक में लदा स्क्रैप बेचने के बाद वाहन को कबाड़ गोदाम में कटवा दिया गया। शनिवार की रात रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की टीम ने मिर्जापुर में 39वीं वाहिनी पीएसी के गेट नंबर दो के सामने स्थित कबाड़ गोदाम में दबिश दी। यहां से विंध्याचल थानाक्षेत्र के घमहापुर निवासी धीरज यादव, मिर्जापुर के देहात कोतवाली क्षेत्र के सेमरा बैसुखिया निवासी भरत लाल उर्फ बल्ला साहू और भदोही कोतवाली क्षेत्र के रेवड़ा परसपुर निवासी आकाश गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार भरत लाल के पास से स्क्रैप बिक्री के चार लाख, धीरज के पास से 50 हजार और आकाश के पास से 50 हजार रुपये बरामद किए गए। मौके से ट्रक के कटे हुए हिस्से और कल-पुर्जे भी बरामद हुए। वाहन स्वामी ने चेसिस और पहचान चिह्नों के आधार पर कटे हिस्सों की पहचान की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक में लदे स्क्रैप की बिक्री और वाहन कटवाने की बात बताई है। इस मामले में नीरज यादव और उमाकांत यादव समेत अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है। बरामद मोबाइल फोन से घटना से जुड़े संपर्क और बातचीत की भी जांच की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें