वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर पिपरी थाना क्षेत्र के वन देवी मंदिर के समीप मंगलवार की रात कोयला लदा ट्रक बेकाबू होकर खाई में पलट गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। खलासी गंभीर रूप से घायल है। उसे हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मंगलवार की रात मध्यप्रदेश के निगाही खदान से कोयला लादकर मिर्जापुर नंबर का ट्रक छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जा रहा था। वन देवी मंदिर के पास ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे गहरी खाई में चला गया।
दुर्घटना में ट्रक चला रहे गाड़ी के मालिक मिर्जापुर निवासी वीरेंद्र दुबे की मौके पर ही मौत हो गई। खलासी सिंगरौली के गढ़वा थाना क्षेत्र निवासी देवेंद्र कुमार (21) घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले लिया।
घायल खलासी को तत्काल उपचार के लिए हिंडाल्को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पिपरी थाने के प्रभारी विश्वनाथ प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों को सूचना दे दी गई है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।