अनपरा। वाराणसी-शक्तिनगर मुख्य मार्ग स्थित ककरी जीएम कार्यालय के समीप एक युवक की करेंट की चपेट में आने से मौत हो गयी। इससे क्षुब्ध लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में कर जाम को समाप्त कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया। मंगलवार की दोपहर बाद बीना की ओर से कोयला लाद कर अनपरा की तरफ आ रहा एक ट्रेलर ककरी जीएम कार्यालय के समीप खड़ा हो गया। इसके बाद उसके खलासी डुग्गा (18) पुत्र पेंशन टोपनो निवासी ककरी तिरपाल को ठीक करने के लिए ट्रेलर के उपर चढ़ा था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईवोल्टेज तार की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों का कहना था कि सड़क के किनारे लगे विद्युत पोल व तार जर्जर हालात में पहुंच गये हैं। इसकी वजह से आये दिन दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। कहा कि चालक की लापरवाही के कारण डुग्गा की जान चली गयी। सूचना पर पहुंचे रेणुसागर चौकी प्रभारी कुमार संतोष ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम को समाप्त कराया। पुलिस ने चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। फिर कार्रवाई में जुट गयी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया गया है।