ओबरा। स्थानीय बिल्ली मारकुंडी खनन क्षेत्र के बघमनवा में स्थित एक क्रशर प्लांट से मंगलवार की दोपहर में गिट्टी लादकर जा रही चौदह चक्का ट्रक पर कार्य कर रहे एक खलासी की बिजली की तार के चपेट में आ जाने से घटना स्थल पर ही मौत हो गई। इस घटना से खनन क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी ओबरा पुलिस बल के साथ मौके पर पंहुच छानबीन में जुट गए। ओबरा क्षेत्राधिकारी भास्कर वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रक बघमनवा में स्थित जय शक्ति स्टोन क्रशर से गिट्टी लादकर चालक जवाहर केशरी गाड़ी को लाकर सामने मेन सड़क पर खड़ा कर दिया। इसके पश्चात खलासी हरबंश यादव (30) निवासी हिनौता मधुपुर गाड़ी के केबिन पर चढ़कर तिरपाल उतारने के लिए चढ़ गया। गाड़ी के ठीक ऊपर बिजली का 11 हजार बोल्ट का तार था। जिसे खलासी देख नही पाया और वह बिजली के तार की चपेट में आ गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। इस घटना से घबड़ाकर चालक गाड़ी छोड़कर भाग गया। मृतक के दो पुत्र सूर्यांशु (06) तथा सूर्यदेव (03 ) के बताये जा रहे हैं। वही मृतक की ससुराल ग्राम पंचायत पनारी के ओबरा गांव में है। मृतक के सगे बड़े भाई विजय लाल यादव ने बताया कि मृतक को पांच लाख मुआवजा मिलने पर ही शव पुलिस को सौंपा जाएगा।