रेणुकूट। पिपरी वन रेंज क्षेत्र के गाढ़ा बैरियर के समीप शनिवार की रात वन विभाग की टीम ने बगैर ट्रांजिट परमिट के कोयला लादकर वाराणसी जा रही एक ट्रक को पकड़ लिया। पिपरी रेंजर विनोद कुमार पांडेय ने बताया कि शनिवार की रात जब वह क्षेत्र के दौरे पर निकले थे तो वह गाढ़ा बैरियर के समीप ट्रकों की जांच कर रहे थे। इस दौरान अनपरा की ओर से आ रही एक ट्रक को रोककर जब कागजात की जांच की जाने लगी तो ट्रक पर बगैर परमिट का ही कोयला लदा हुआ पाया गया। इस दौरान ट्रक चालक मौका देखकर वहां से भाग गया। रेंजर ने बताया कि ट्रक को रेंज कार्यालय पिपरी में लाकर सीज कर दिया गया है।