सोनभद्र। जिला योजना समिति के सदस्य पदों के लिए मतदान तय हो गया है। बुधवार को नाम वापसी के दौरान चारों पदों पर किसी भी उम्मीदवार ने नामाकंन पत्र वापस नहीं लिया। कलेक्ट्रेट परिसर में मतदान 25 जून को सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक होगा। इसके बाद मतों की गिनती होगी।
जिले की दस निकायों के 144 वार्डों से निर्वाचित सदस्यों में से जिला योजना के लिए चार सदस्य चुने जाने हैं। इसके लिए 17 जून को कलेक्ट्रेट में सुबह 10 से शाम 4 बजे तक नामांकन हुआ था। इसमें सदस्य के अनारक्षित पद के लिए घोरावल से दीपक कुमार, पिपरी से प्रदीप कुमार और राबर्ट्सगंज नगर पालिका से मनोज कुमार ने नामांकन किया। महिलाओं के लिए आरक्षित पद पर रेणुकूट की अंजना सिंह व राबर्ट्सगंज नगर पालिका की गायत्री ने पर्चा भरा। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित सदस्य पद पर पिपरी की पूनम देवी व चुर्क से रुपेश कुमार ने नामांकन पत्र जमा किया। पिछड़ा वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित पद पर राबर्ट्सगंज की सभासद नेहा सोनी व पिपरी की शिखा वर्मा ने नामांकन कराया। बुधवार को नाम वापसी की तिथि थी। सहायक चुनाव अधिकारी रमाशंकर यादव ने बताया कि किसी भी प्रत्याशी ने नाम वापस नहीं लिया है। चारों पदों पर 25 जून को मतदान कराया जाएगा।