घोरावल। विकास खंड क्षेत्र के बर गांव स्थित दलित बस्ती में 63 केवीए का ट्रांसफाॅर्मर करीब एक महीने से जला है। ट्रांसफाॅर्मर खराब होने से बस्ती की बिजली आपूर्ति ठप है। रात होते ही पूरी बस्ती अंधेरे में डूब जाती है। बिजली न रहने से ग्रामीणों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। बस्ती निवासी नीरज, धीरज, अवध लाल, हरिलाल, तेजधारी, रामटहल, शारदा प्रसाद, टिंकू, कैलाश, उदल, रामबहाल, नंदलाल और शिवकुमार ने बताया कि करीब एक महीने पहले ट्रांसफाॅर्मर जल गया था। इसके बाद से बिजली आपूर्ति बाधित है। पंखे, बल्ब समेत अन्य विद्युत उपकरण बेकार पड़े हैं। उमस और गर्मी में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। रात में अंधेरा होने से आवागमन में भी दिक्कत होती है। ग्रामीणों के अनुसार बिजली नहीं रहने से विद्युत मोटर नहीं चल पा रही है। इससे पानी के लिए दूसरे स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने टोल फ्री नंबर पर शिकायत दर्ज कराने के साथ विभागीय अधिकारियों को भी कई बार अवगत कराया लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। बिजली निगम के एसडीओ संजय सिंह ने बताया कि वर्कशॉप में 63 केवीए का नया ट्रांसफाॅर्मर तैयार किया जा रहा है। तैयार होते ही उसे बर गांव भेजकर जला ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा।