चोपन। शनिवार को रेल महकमे में उस समय हड़कंप मच गया, जब झारखंड प्रदेश के तोलरा सब स्टेशन से आपूर्ति होने वाली बिजली अचानक बंद हो गई। इससे जो ट्रेन व मालगाड़ी जहां थी वहीं खड़ी हो गई। इसकी जानकारी होते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। शनिवार को सुबह करीब सात बजे झारखंड के गढ़वा रेलवे स्टेशन के समीप तोलरा स्टेशन से सप्लाई होने वाली 33 हजार केवी की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते सोनभद्र के शक्तिनगर, सिंगरौली, चोपन आदि स्टेशनों से होकर गुजरने वाली मालगाड़ी व सवारी गाड़ी जहां की तहां खड़ी हो गई। वहीं जबलपुर से चलकर हावड़ा जाने वाली शक्तिपुंज एक्सप्रेस सिंगरौली और ओबरा के बीच करीब ढाई घंटे खड़ी हो गयी। ट्रेन करीब तीन घंटे विलंब से चोपन पहुंची। विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाने से ट्रेनें जगह-जगह खड़ी हो गईं जिससे यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सुबह सात बज कर 15 मिनट से 10 बज कर 45 मिनट तक विद्युत आपूर्ति रुक रुक कर प्रवाहित हो रही थी। करीब तीन घंटे के बाद आपूर्ति बहाल हुई, जिसके बाद सभी ट्रेनें अपने गंतव्य को रवाना हो गईं। इस बाबत चोपन रेलवे स्टेशन के प्रबंधक जेएन मिश्रा ने कहा कि रूट पूरी तरह से बहाल हो गया है और विधूत आपूर्ति सुचारू रुप से हो रही है। उधर दुद्धी प्रतिनिधि के अनुसार दुद्धी से झारखंड जाने वाली रेलवे गाड़ियां तथा झारखंड से चोपन की तरफ जाने वाली कोई रेल गाड़ी विद्युत लाइन में गड़बड़ी के नाते नहीं प्रभावित हुई है।