शक्तिनगर-वाराणसी राजमार्ग मारकुंडी में लगा वाहनों से लगा जाम। संवाद
सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर स्टेट हाईवे पर मारकुंडी घाटी के पास बृहस्पतिवार को लंबा जाम लगने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। लोढ़ी टोल प्लाजा के समीप वाहनों की कतारें लगने से सरकारी बसों, चारपहिया वाहनों और अन्य गाड़ियों में सवार यात्रियों को घंटों परेशान होना पड़ा। जाम में सीएचसी चोपन से इमरजेंसी मरीज को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंस गई। इससे मरीज और उसके परिजन परेशान रहे। जाम में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। स्थानीय लोगों के अनुसार गिट्टी-मोरंग लदे भारी वाहनों की आवाजाही और संकरी सड़क पर एक-दूसरे से आगे निकलने की कोशिश से यातायात बाधित हुआ। बैरियर पर जिम्मेदार अधिकारियों की गैरमौजूदगी को भी जाम की वजह बताया गया। यात्रियों ने भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने, बैरियर पर जिम्मेदार कर्मियों की तैनाती और जाम की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की मांग की, ताकि मरीजों और जरूरतमंद यात्रियों को परेशानी न हो। रॉबर्ट्सगंज कोतवाल धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जाम की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। वाहनों को किनारे कराकर आवागमन सुचारू कराया गया।