रेणुकूट में बैठक करते व्यापारी। स्रोत स्वयं
रेणुकूट। जिला पंचायत रेणुकूट में आवंटित दुकानों का किराया बढ़ाए जाने के विरोध में बृहस्पतिवार को स्थानीय व्यापारियों ने विरोध दर्ज कराया। इस संबंध में रेणुकूट व्यापार मंडल कार्यालय में व्यापारियों की एक बैठक हुई, जिसमें किराया वृद्धि को मनमाना बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की गई। व्यापारियों ने बताया कि जिला पंचायत की तरफ से आवंटित लगभग 70 दुकानों के किराए में करीब 90 प्रतिशत तक वृद्धि करने संबंधी नोटिस जारी किया गया है। नोटिस मिलने के बाद व्यापारियों में भारी नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि वर्तमान आर्थिक परिस्थितियों में इतनी अधिक किराया वृद्धि उनके लिए असहनीय है और इससे छोटे एवं मध्यम व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। व्यापारियों ने दुकानों के नवीनीकरण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि दुकान आवंटन के समय सभी दस्तावेज जिला पंचायत के पास जमा किए जा चुके हैं। इसके बावजूद बार-बार दस्तावेज मांगे जा रहे हैं, जिसे व्यापारी अनावश्यक और परेशान करने वाली प्रक्रिया मानते हैं। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि डीएम को लिखित ज्ञापन भेजकर बढ़े हुए किराए को वापस लेने और नवीनीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की जाएगी। अध्यक्षता रेणुकूट व्यापार मंडल के अध्यक्ष ब्रजकिशोर और संचालन उमेश सिंह ने किया। मौके पर अनुज अग्रवाल, भगवान दास अग्रवाल, रामचंद्र सोनी, रमाशंकर केसरी, रामनरेश गोयल, सचिन अग्रवाल, अमित अग्रवाल, रियासत खान, सिराज अहमद, सुरेश गौड़, छोटेलाल कनौजिया, राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।