राबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद कार्यालय में पेयजल की मांग को लेकर प्रदर्शन करते उद्योग व्यापार प्
- फोटो : SONBHADRA
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के बैनर तले व्यापारियों ने बुधवार को नगर में पेयजल आपूर्ति को लेकर नगर पालिका परिषद कार्यालय पर नारेबाजी की। इसके बाद ईओ को ज्ञापन सौंपकर पेयजल समस्या से निजात दिलाने की मांग की गई। वक्ताओं ने कहा कि गर्मी चरम पर है। वार्डों में पानी की समस्या बनी है। नगर पालिका प्रशासन की उपेक्षा से जनता में रोष है। कहा कि नगरवासी बाल्टी लेकर घूमते नजर आ रहे हैं। नगर अध्यक्ष कौशल शर्मा ने कहा कि राबर्ट्सगंज के ब्रह्म नगर, अशोक नगर, अंबेडकर नगर, नई बस्ती सहित तमाम क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति ठप है। ज्यादातर सरकारी हैंडपंप खराब पड़े हैं। जिला मुख्यालय पर तमाम गांव से लोग मार्केट करने आते हैं, जिनके पास छोटे-छोटे बच्चे होते हैं पानी के लिए बिलबिलाते हुए नजर आते हैं। कहा कि जहां भी पानी की आपूर्ति हो रही है वहां एक घंटे या दो घंटे ही हो रही है। पानी का समय निर्धारित नहीं है, जिससे नगरवासी समय पर पानी नहीं भर पा रहे हैं। नगर महामंत्री चंदन केसरी एवं जसकीरत सिंह ने कहा कि नगर में पानी टैंकर से आपूर्ति सुनिश्चित नहीं कराई जा रही है, जिसके चलते पानी की भारी किल्लत हो रही है। तत्काल पानी आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए अन्यथा व्यापारी नगर पालिका प्रशासन के विरुद्ध उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इसकी जिम्मेदारी नगर पालिका प्रशासन की होगी। नारेबाजी एवं ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से रवि जायसवाल, प्रशांत जैन, दीप सिंह, शरद जायसवाल, विनोद जायसवाल, प्रीतपाल सिंह, संदीप जायसवाल, सिद्धार्थ सांवरिया, अजय बहादुर सिंह, कृष्णा सोनी आदि शामिल रहे।