ओबरा। भाजपा सरकार में व्यापार तेजी से आगे बढ़ रहा है। व्यापारियों को भयमुक्त माहौल मिला है। इंस्पेक्टर राज से मुक्ति मिली है। भ्रष्टाचार पर सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति ने व्यापारियों को बड़ी राहत दी है। यह बातें प्रदेश सरकार के स्टांप एवं पंजीयन विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रवींद्र जायसवाल ने कहीं। वह ओबरा के मैरेज लान में राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र के व्यापारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सम्मेलन में राबर्ट्सगंज लोकसभा क्षेत्र के पांचों विधानसभा क्षेत्र के व्यापारियों ने हिस्सा लिया। बतौर मुख्य अतिथि रवींद्र जायसवाल ने कहा कि भाजपा और व्यापारी प्रारंभ से ही एक-दूसरे के पूरक रहे हैं। वर्ष 2014 के पहले भाजपा जब विपक्ष में रहती थी तब भी देश और प्रदेश का व्यापारी भाजपा के साथ पूरी तरह से खड़ा रहा। आज सत्ता में आने के बाद भाजपा व्यापारियों के हितो के लिए लगातार काम कर रही है। देश का वातावरण बदला है।
केंद्र सरकार ने व्यापारी हित में कई पुराने कानूनों को बदला है। विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण विभाग के राज्यमंत्री संजीव गोंड ने कहा कि भाजपा सरकार छोटे व्यापारी रेहड़ी पटरी वालों को भी आर्थिक मदद देकर उन्हें स्वावलंबी बनाने का काम कर रही है। साथ ही बड़े उद्यमियों को तमाम सुविधाएं देकर देश के विकास में योगदान दे रही है। सम्मेलन को सदर विधायक भूपेश चौबे, दुद्धी विधायक राम दुलारे गोंड, चकिया विधायक कैलाश खरवार, राज्यसभा सांसद रामसकल, एससी-एसटी आयोगके उपाध्यक्ष रामनरेश पासवान ने भी संबोधित किया। इस दौरान कन्हैया जायसवाल, रमेश मिश्रा, रंजना सिंह, कृष्ण मुरारी गुप्ता, जीत सिंह खरवार, उमेश पटेल, केसी जैन, विशाल गुप्ता व जिलाध्यक्ष अजीत चौब आदि मौजूद रहे।
टॉप-10 विद्यार्थियों को प्रभारी मंत्री ने किया सम्मानित
केकराही। जिले के प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने बृहस्पतिवार को कसया स्थित हंस वाहिनी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित लाभार्थी सम्मेलन में शिरकत किया। इस दौरान उन्होंने हंसवाहिनी इंटर कॉलेज के टॉप टेन मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकार से आज के परिवेश में बहुत अंतर हो गया है। कोरोना काल से आजतक लोगों को मुक्त राशन मिल रहा है।