चुर्क वन क्षेत्र के जंगल में शुक्रवार को वनकर्मियों ने कूड़ा फेंकने पहुंची ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया। चुर्क-गुर्मा नगर पंचायत से सटे वार्ड नंबर पांच के जंगल में कूड़ा फेंकवाया जा रहा है। खुले में कूड़ा फेकने से वातावरण प्रदूषित हो रहा है और कूड़े का अंबार लगा हुआ है। नगर पंचायत को कूड़ा फेंकने के लिए यार्ड मिला है, लेकिन कूड़ा वहां न फेंक कर पास के जंगल में फेंक दिया जाता है। जंगल में कूड़ा फेंकने खबर लगते ही वन महकमा सक्रिय हो गया और शुक्रवार की शाम कूड़ा फेंकने गए ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़ लिया। इस संबंध में रेंजर सत्येन्द्र कुमार सिंह से उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी।