बभनी। स्थानीय थाना क्षेत्र के बभनी गांव में खेत की जोताई करते समय ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बभनी के खोतोमहुआ निवासी देवब्रत (31) पुत्र जीयूत भूषण गुप्ता मंगलवार को खेत की जोताई कर रहा था। अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इसके नीचे दबने से ट्रैक्टर चला रहा देवब्रत गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन किसी तरह से उसे निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले गए, जहां डाक्टरों ने स्थिति गंभीर देख रेफर कर दिया। परिजन उसे बैढ़न ट्रामा सेंटर ले गए, वहां उसकी मौत हो गई।
अस्पताल से मिली सूचना पर बैढ़न पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। देवब्रत अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था। इसके अलावा दो बहनें हैं, जिनकी शादी हो गई है। भाई की मौत के बाद बहनों की आंख से आंसू नहीं रुक रहे हैं। बभनी थाना प्रभारी एसआई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना थाने पर नहीं मिली है।