पुलिस चौकी डाला क्षेत्र के बाड़ी स्थित एक खदान क्षेत्र में बृहस्पतिवार को कंप्रेशर लगा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पलटते ही उसमें आग लग गई। हादसे में ट्रैक्टर चालक झुलस गया। किसी तरह उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत गंभीर देख ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया।
डाला चौकी इंचार्ज अरविंद गुप्ता ने बताया कि चोपन थाना क्षेत्र के अबाड़ी निवासी राजाराम (22) कंप्रेशर लगा ट्रैक्टर लेकर एक खदान की ओर जा रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। चालक उसके नीचे आ गया। जब तक लोग कुछ समझ पाते ट्रैक्टर में आग लग गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने मिट्टी फेंककर किसी तरह आग बुझाया। चालक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने चालक को ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। डाला चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना के संबंध में मिली तहरीर के आधार पर छानबीन कर कार्रवाई की जाएगी।