आसनडीह। बभनी थाना क्षेत्र के सागोबांध बाजार में मंगलवार की सुबह बालू लदा ट्रैक्टर ट्राली पलटने से पांच लोग घायल हो गए। इसमें से दो की हालत गंभीर है।
मंगलवार की सुबह करीब पांच बजे सांगोबांध बाजार के चौराहे पर बालू लेकर जा रहा ट्रैक्टर ट्राली पलट गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े तो देखा कि कई मजदूर बालू के नीचे दब गए हैं। स्थानीय लोगों ने मजदूरों को बाहर निकाला। सभी मजदूर बालू लदी ट्राली पर सवार थे। हादसे में दिलीप कुमार पुत्र राजेंद्र, विशाल पुत्र विनोद, सुनील कुमार पुत्र रामनारायण, विकास कुमार पुत्र लाल कन्हैया यादव और महेंद्र पुत्र सुरेश कुमार घायल हो गए। चालक ट्रैक्टर स्वामी का लड़का विकास कुमार स्वयं ट्रैक्टर चला रहा था। मौजूद ग्रामीणों का कहना था कि ट्रैक्टर की रफ्तार तेज री। घायलों में दिलीप कुमार और सुनील कुमार की हालत गंभीर होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बभनी थाना प्रभारी अमित सिंह ने कहा कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।