कोतवाली क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर बृहस्पतिवार की देर शाम बारिश के दौरान बिजली गिरने से देवर-भाभी समेत तीन लोग झुलस गए। तीनों को गंभीरावस्था में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में भर्ती कराया।
पथरताल गांव निवासी किशन (15) पुत्र बाबूलाल और उसकी भाभी रतन देवी (20) पत्नी दीपक यादव और पिपरवार गांव निवासी पूजा (13) पुत्री राधे को बृहस्पतिवार देर शाम घोरावल सीएचसी ले जाया गया। किशन के घरवालों ने बताया कि किशन व रतन देवी घर के बरामदे में बैठे थे। उसी दौरान बारिश होने लगी। बारिश के साथ बिजली गिरी, जिसके चपेट में दोनों आकर गंभीर रूप से झुलस गए।
पूजा के परिजनों ने बताया कि घटना के समय पूजा बरामदा (ओसार) में चारपाई पर बैठी थी। उसी दौरान बिजली की चपेट में आने से अचेत हो गई। उपचार के बाद डॉक्टर ने तीनों की हालत में सुधार बताया। बता दें कि क्षेत्र में तड़ित चालक यंत्र न लगने की वजह से बारिश के दौरान अक्सर बिजली गिरने से जन-धन क्षति होने की घटनाएं घटती रहती हैं।