गिरफ्तार किए गए ऑटो-बसों में सफर करने वाले यात्रियों के पर्स से नगदी व कीमती सामान उड़ाने वाले
ऑटो से सफर करने वाले यात्रियों से पर्स से नकदी-जेवरात उड़ाने वाले गैंग का खुलासा करते हुए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को महिला सहित तीन को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद तीनों का बीएनएस की संबंधित धारा के तहत चालान कर दिया गया। गत छह जून को रॉबर्ट्सगंज मंडी गेट के पास ऑटो में सवार एक महिला के पर्स से 10 हजार नकद और चांदी का लॉकेट चुरा लिया गया था। पीड़ता की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी। प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा ने बताया कि मंगलवार की सुबह सूचना मिली कि घटना को अंजाम देने वाले तीन आरोपी बिजौली-चुर्क संपर्क मार्ग स्थित एक अर्द्धनिर्मित मकान के सामने मौजूद हैंं। एसआई योगेंद्र पांडेय की अगुवाई में टीम भेजी गई तो पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बभनगवां निवासी प्रियंका पत्नी दिनेश वर्मा, पथरहा निवासी जितेंद्र, राॅबर्टसगंज कोतवाली क्षेत्र के सोनारी निवासी सूरज चुराए गए रुपयों का बंटवारा करते मिले। उनके पास से चार हजार नकद बरामद भी किए गए। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में घटना में शामिल होने की बात भी स्वीकारी। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह ऑटो एवं अन्य सार्वजनिक परिवहन साधनों में यात्रा करने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओं को चिन्हित कर उनका पीछा करते थे। उनके साथ ऑटो-बस में सवार भी हो जाते थे।