रॉबर्ट्सगंज के पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर काॅलेज में मतदाता पुनरीक्षण करते बीएलओ। संवाद
सोनभद्र। जिले में पंचायत, नगर निकाय और विधानसभा की मतदाता सूचियों के बीच 3,00,884 मतदाताओं का अंतर सामने आया है। 621 ग्राम पंचायतों और 10 नगरीय निकायों में कुल 15.46 लाख मतदाता दर्ज हैं, जबकि जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों की सूची में इनकी संख्या 12.45 लाख ही है। तीनों सूचियों के आंकड़ों में इतने बड़े अंतर ने निर्वाचन विभाग के सामने मतदाताओं की वास्तविक स्थिति पता लगाने की चुनौती खड़ी कर दी है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को तीनों सूचियों का मिलान करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राजनीतिक दलों और पंचायत प्रतिनिधियों से भी सहयोग मांगा गया है। दरअसल, ग्राम पंचायत और नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची अलग-अलग तैयार होती है, जबकि विधानसभा चुनाव की सूची अलग होती है। विधानसभा क्षेत्रों में उन्हीं गांवों और नगर क्षेत्रों के मतदाता शामिल होते हैं, जो पंचायत और निकाय की सूची में भी दर्ज हैं। इसके बावजूद तीनों सूचियों के आंकड़ों में तीन लाख से अधिक का अंतर है। माना जा रहा है कि पंचायत और निकाय की सूचियों में बड़ी संख्या में डुप्लीकेट नाम हो सकते हैं। कई लोग ऐसे भी हो सकते हैं, जिनके गांव और शहर दोनों जगह मकान हैं और वे दोनों जगह मतदाता के रूप में दर्ज हैं। वहीं, कुछ लोगों के विधानसभा की मतदाता सूची में नाम शामिल होने से छूट जाने की भी आशंका है। इन संभावनाओं की वास्तविकता जानने के लिए निर्वाचन तंत्र को फील्ड में उतारा गया है। बीएलओ को तीनों सूचियों का मिलान कर डुप्लीकेट और छूटे हुए मतदाताओं की पहचान करने के निर्देश दिए गए हैं। मंगलवार से विशेष अभियान भी शुरू कर दिया गया है। इस काम में राजनीतिक दलों के साथ ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य, वार्ड सदस्य और अन्य जनप्रतिनिधियों से भी सक्रिय सहयोग की अपील की गई है। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पिछले दिनों विशेष सघन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) चलाया गया था। वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान के दौरान करीब 2.51 लाख ऐसे नाम चिह्नित किए गए थे, जो एक से अधिक बार दर्ज थे, लापता थे या संबंधित मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी थी। ऐसे नाम हटाए जाने के बाद जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की संख्या 11.97 लाख रह गई थी। बाद में छूटे हुए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए अभियान चलाकर आवेदन लिए गए। इसके तहत करीब 48 हजार नए नाम सूची में शामिल किए गए। इसी तरह पंचायत चुनाव की मतदाता सूची से भी डुप्लीकेट नाम हटाने के लिए दो बार अभियान चलाया जा चुका है। दोनों जगह मकान और मतदाता सूची में नाम: ग्राम पंचायत और नगर निकाय के चुनाव अलग-अलग समय पर होते हैं। कई लोग गांव से शहर में बसने के बाद भी दोनों जगह मकान रखते हैं। ऐसे में उनका नाम गांव और नगर निकाय दोनों की मतदाता सूची में बना रहता है। सुविधा के अनुसार वे दोनों जगह मतदान भी करते हैं। स्थानीय चुनाव में अधिक सक्रियता: ग्राम पंचायत और निकाय चुनाव स्थानीय स्तर पर होते हैं, जहां एक-एक वोट महत्वपूर्ण होता है। ऐसे में प्रत्याशी भी मतदाताओं के नाम जुड़वाने में रुचि लेते हैं। बाहर रहने वाले लोगों के दस्तावेज मंगवाकर भी नाम शामिल कराए जाते हैं। विधानसभा चुनाव में ऐसी सक्रियता अपेक्षाकृत कम रहती है। विधानसभा की सूची में पूरे क्षेत्र के गांवों और नगरों के मतदाता शामिल होते हैं। एसआईआर के दौरान एक ही व्यक्ति के दो पते पर दर्ज नामों में से डुप्लीकेट नाम हटाए गए हैं। इससे भी सूचियों के आंकड़ों में अंतर आया हो सकता है।