परिवहन निगम की तरफ से सोनभद्र डिपो में चालकों की कमी दूर करने के लिए सोमवार से तीन दिवसीय संविदा चालक भर्ती कैंप का आयोजन किया गया है। रोडवेज बस स्टेशन राबर्ट्सगंज में चालकों की भर्ती होगी। संविदा चालक के लिए अभ्यर्थियों को परिवहन निगम की तरफ से निर्धारित शर्तें पूरी करनी होंगी।
सोनभद्र डिपो में 60-61 बसें शामिल हैं मगर चालकों की कमी से कई बसें अक्सर रोडवेज बस स्टेशन परिसर में खड़ी रहती हैं। हाल के दिनों में चार से पांच बसें खड़ी हैं। सोनभद्र डिपो में रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाई जानी है। इससे पहले चालकों की कमी दूर करने के लिए 10 अक्तूबर से तीन दिवसीय संविदा चालक भर्ती शुरू किया जा रहा है।
सोनभद्र डिपो के एआरएम सीपी वर्मा ने बताया कि संविदा चालक के लिए अभ्यर्थी की शैक्षिक योग्यता कम से कम कक्षा आठवीं पास होनी चाहिए। अभ्यर्थी की लंबाई कम से कम पांच फुट तीन इंच, आयु कम से कम 23 वर्ष छह माह और हैवी ड्राइविंग लाइसेंस दो वर्ष पुराना होना चाहिए। संविदा चालकों को 1.59 प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान होगा।
प्रतिमाह 22 दिन ड्यूटी देय होगी और 5000 किलोमीटर सफर तय करने पर 3000 रुपये प्रोत्साहन, पीएफ, नाईट भत्ता का प्रोत्साहन एवं पांच लाख रुपये का दुर्घटना बीमा का लाभ संविदा चालकों को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि संविदा चालक भर्ती कैंप 10 से 12 अक्तूबर तक आयोजित किया गया है। अभ्यर्थियों को अपने साथ कक्षा आठवीं का अंक पत्र, आधार कार्ड और हैवी लाइसेंस की मूल प्रति एवं फोटो कापी साथ लाना अनिवार्य है।