सोनभद्र। लोकसभा चुनाव के लिए बनाए गए मतदेय स्थलों में संशोधन के संबंध में शनिवार को एडीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में आयोग के निर्देशों से अवगत कराते हुए सभी से सुझाव लिए गए। निष्पक्ष व सकुशल चुनाव कराने में सहयोग की अपील की गई।
एडीएम सहदेव कुमार मिश्र ने कहा कि 1500 से अधिक मतदाताओं वाले मतदेय स्थलों की स्थिति शून्य है। आयोग की ओर से अनुमोदित स्थल की संख्या में नाम परिवर्तन होना है। इसके अलावा 03 मतदेय स्थलों पर बूथ भवन जर्जर व दूरी होने की स्थिति में परिवर्तन किया गया है। उन्होंने बताया कि मतदेय स्थल विधानसभा घोरावल के 297-पश्चिमी भाग डेहरीकला, 414-प्राथमिक विद्यालय पवर कमरा नंबर दो, विधानसभा राबर्ट्सगंज के 342-उच्च प्राथमिक विद्यालय डोमा को परिवर्तित किया गया है।
विधानसभा ओबरा व दुद्धी में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। बैठक में भाजपा से सुनील सिंह, सपा से अनिल यादव, बसपा से बी. सागर, सीपीआईएम से नंदलाल आर्य, कांग्रेस से प्रदीप कुमार चौबे, अपना दल से वीरेंद्र कुमार सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह पटेल, सुनील कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
पोर्टल पर शीघ्र फीड करें कार्मिकों का डाॅटा
सोनभद्र। सीडीओ सौरभ गंगवार ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में लोक सभा चुनाव के मद्देनजर ऑनलाइन इलेक्शन पर्सनल डिप्लायमेंट सिस्टम साफ्टवेयर पर कार्मिकों के डाटा फीड कराने संबंधी बैठक ली। सीडीओ ने प्रपत्र-1 पर सूचना तैयार कर एनआईसी कार्यालय (कलेक्ट्रेट परिसर) को साफ्ट कापी में ई-मेल आईडी पर उपलब्ध कराने को कहा। कहा कि अब तक जिन विभागों की ओर से अभी फीडिंग का कार्य पूर्ण नहीं किया गया है, वह इसे शीघ्रता से पूरा करें। इसमें शिथिलता न बरती जाय।
बैठक में एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, डीडीओ शेषनाथ चौहान, बीएसए नवीन कुमार, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अनिल कुमार गुप्ता आदि रहे।