रॉबर्ट्सगंज रोडवेज बस स्टेशन के समीप खड़ी प्राइवेट बस। संवाद
सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज रोडवेज बस स्टेशन के सामने निजी बसों में खुलेआम सवारियां बैठाने का खेल वर्षों से जारी है। इसे रोकने के लिए सोनभद्र डिपो के एक के बाद एक तीन सहायक क्षेत्रीय प्रबंधकों (एआरएम) ने अधिकारियों को पत्र भेजे और कार्रवाई की मांग की लेकिन मामला पत्राचार से आगे नहीं बढ़ सका। एआरएम बदलते रहे, मगर बस स्टेशन के सामने डग्गामारी का नजारा जस का तस बना हुआ है। पूर्व एआरएम विश्राम सिंह, सीवी वर्मा और एके सिंह की ओर से निजी बसों के संचालन को रोडवेज बस स्टेशन से दूर कराने के लिए पत्राचार किया गया था। एआरएम एके सिंह के कार्यकाल में डग्गामार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई के संबंध में जिला प्रशासन से रिपोर्ट भी मांगी गई थी। उस समय नगर पालिका परिषद सोनभद्र का सीमा विस्तार नहीं हुआ था। तत्कालीन अधिशासी अधिकारी ने सीमा विस्तार के बाद समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। सीमा विस्तार हुए 4 वर्ष से अधिक हो चुके हैं लेकिन स्थिति नहीं बदली।