घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के खुटहा गांव में शुक्रवार की रात में एक स्थान पर दो दुकानों में चोरी होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। दोनों दुकानों को मिलाकर 85 हजार रुपये की चोरी बताई जा रही है। घोरावल नगर से सटे खुटहा गांव स्थित अरुण केसरी उर्फ मिंटू केसरी की परचून की दुकान है। भुक्तभोगी अरुण केसरी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान के भीतर घुस कर गल्ले में रखे हुए 35 हजार रुपये नगद तथा 10 हजार रुपये के कीमती सामान को चुरा लिया। इसी तरह से उन्हीं के पड़ोसी शशिकांत मौर्य की मोबाइल की दुकान है। शशिकांत मौर्या के मुताबिक चोर दुकान में घुसे और 12 सेट मोबाइल ,12 हजार रुपये नकद ईयर फोन, एसएस सीरीज के सामग्री समेत 40 हजार रुपये के सामान को चुरा ले गए। दोनों दुकानदारों ने बताया कि शनिवार की सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। अरुण केसरी तथा शशिकांत मौर्या ने शनिवार को तहरीर घोरावल पुलिस चौकी पर दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।