सोनभद्र। मतदाता सूची से आधार लिंक कराने में जिले के मतदाता रुचि नहीं ले रहे। आधार एकत्रीकरण के लिए अभियान को एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी पूरे जिले में महज साढ़े 18 फीसदी ही आधार एकत्रीकरण हो पाया है। इसमें सदर विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है। तमाम कोशिशों के बावजूद मतदाताओं के इस कार्य में रुचि न लेने से जिम्मेदारों की चिंता बढ़ रही है। मतदाता सूची में पारदर्शिता लाने और खामियां दूर करने के मकसद से आयोग ने सूची में शामिल सभी मतदाताओं का आधार लिंक करने का निर्देश दिया है। इसके लिए एक सितंबर से अभियान शुरू किया गया था। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से आधार नंबर लेकर फार्म भरवा रहे हैं। विशेष दिवसों पर भी पूरे दिन बूथ पर मौजूद होकर आवेदन ले रहे हैं। आधार की गोपनीयता बनाए रखने के मद्देनजर आयोग ने मतदाताओं को पोर्टल पर खुद से भी आधार लिंक करने की सुविधा प्रदान की है। निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी लगातार कोशिश कर रहे हैं, बावजूद जिले के मतदाताओं की आधार नंबर देने में झिझक खत्म नहीं हो रही। हाल यह है कि अभियान शुरू हुए एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी जिले के कुल 1396716 मतदाताओं के सापेक्ष महज 257860 का ही आधार एकत्रीकरण हो पाया है। यह 18.46 फीसदी ही है। मतदाताओं की यह बेरुखी अफसरों की चिंता बढ़ा रही है। एक तरफ आयोग सूची को शत-प्रतिशत आधार से जोड़ने पर जोर दे रहा है तो दूसरी ओर मतदाता उदासीन बने हुए हैं।