सोनभद्र। आगामी सत्र से जिले में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत दाखिले की प्रक्रिया सत्र शुरू होने से पहले ही पूरी की जाएगी। इसको लेकर तैयारी शुरू हो गई है। पहले जनवरी में शुरू होती रही यह प्रक्रिया अब दिसंबर से शुरू की जाएगी।
शासन की तरफ से आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों को प्राइवेट स्कूलों में शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत दाखिला कराए जाने की व्यवस्था की गई है। इसके खर्च का भुगतान बेसिक शिक्षा विभाग करता है। पहले चरण में प्रवेश प्रक्रिया के लिए अभिभावकों को 20 जनवरी से 18 फरवरी तक ऑनलाइन आवेदन करना था। 25 फरवरी तक आवेदनों के सत्यापन के बाद 26 फरवरी को लॉटरी निकालकर 6 मार्च तक छात्रों का विद्यालयों में नामांकन कराना था। जबकि दूसरी सूची के लिए एक मार्च से 30 मार्च तक आवेदन प्रक्रिया चलनी थी। आठ अप्रैल को लाॅटरी के बाद 15 अप्रैल तक प्रवेश होना था। तीसरी सूची के लिए 15 अप्रैल से 24 अप्रैल तक आवेदन प्रक्रिया अपनाने के बाद 23 मई तक नामांकन कराना था। जबकि चौथी व अंतिम सूची के लिए एक जून से 20 जून तक ऑनलाइन आवेदन होने थे। हालांकि इस समय सारिणी में भी प्रक्रिया पूरी करने में कुछ देरी हुई थी। ऐसे में नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने में जुलाई तक का समय निकल जाता था। ऐसे में पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। अब आरटीई के तहत निजी स्कूलों में प्री-प्राइमरी व कक्षा एक में 25 प्रतिशत सीटों पर गरीब परिवार के बच्चों के होने वाले प्रवेश प्रक्रिया में बदलाव होंगे। अगले शैक्षिक सत्र वर्ष 2025 26 में प्रवेश की प्रक्रिया अब एक दिसंबर से ही शुरू होगी। चार चरणों की इस प्रवेश प्रक्रिया के कार्यक्रम भी घोषित कर दिए गए हैं। ऐसे में बीएसए और बीईओ कार्यालय में अभिभावकों की मदद के लिए हेल्प डेस्क भी बनेगी। ऐसे अभिभावक जिन्हें ऑनलाइन आवेदन फार्म भरने में कठिनाई होगी, उनके ऑफलाइन फाॅर्म भरवाए जाएंगे।
अभिभावकों की मदद के लिए हेल्प डेस्क बननी है। यहां संपूर्ण जानकारी दी जाएगी। किसी के फाॅर्म में कोई कमी मिलेगी तो हेल्प डेस्क की मदद से दूर कराया जाएगा। - मुकुल आनंद पांडेय, बीएसए।