घोरावल। घोरावल कोतवाली क्षेत्र के उभ्भा चौकी अंतर्गत घुवास कॉलोनी स्थित एक कपड़े की दुकान से चोरों ने रविवार की रात हजारों रुपए नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। भुक्तभोगी लक्ष्मण प्रसाद पुत्र दीनदयाल ने बताया कि वह घोरावल के निवासी हैं। वह घुवास कॉलोनी में एक छोटे से कपड़े की दुकान चलाकर वह अपना जीविकोपार्जन करते हैं। रविवार को रात में वह दुकान बंद कर घोरावल अपने घर आ गए थे। सोमवार की सुबह जब उन्होंने दुकान खोला तो सारा नजारा देखकर सन्न रह गए। उन्होंने बताया कि दुकान में रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने दुकान का गल्ला तोड़कर उसमें रखे 25000 रुपये पर हाथ साफ कर दिया। साथ ही कुछ कपड़े भी गायब मिले। उन्होंने चोरी की घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। उन्होंने स्थानीय थाने में तहरीर देकर जल्द से जल्द चोरी के घटना की खुलासे की मांग की है।