चोपन। ट्रकों की टंकियों से डीजल चोरी कर ड्रमों में जमा करने और फिर उसे बाजार में बेचने वाले दो आरोपियों को चोपन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार रात डाला स्थित हार्ड मिक्स प्लांट के पास दबिश देकर उनके कब्जे से 340 लीटर चोरी का डीजल और तेल निकालने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए। आरोपी ट्रकों से डीजल निकालकर एक स्थान पर जमा करते थे और बाद में उसे बेच देते थे। चोपन एसओ गोपाल जी गुप्ता के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11:43 बजे हार्ड मिक्स प्लांट के पास कार्रवाई कर दो आरोपियों को पकड़ा गया। उनकी पहचान बिहार के मधेपुर जिले के मानपुर निवासी शिव कुमार विश्वकर्मा (28) और वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र के सरसौल निवासी प्रहलाद पांडेय (29) के रूप में हुई है। दोनों डाला चढ़ाई स्थित हार्ड मिक्स प्लांट के पास रह रहे थे। तलाशी में तीन प्लास्टिक ड्रमों में करीब 300 लीटर और एक अन्य ड्रम में 40 लीटर डीजल मिला। इसके अलावा डीजल रखने के लिए 200 लीटर क्षमता के दो प्लास्टिक ड्रम, एक लोहे का ड्रम, चार बाल्टियां, तेल की कुप्पी और पाइप बरामद हुआ। पुलिस को ट्रकों की टंकियों के दो ढक्कन और एक फिल्टर भी मिला है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ चोपन थाने में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।