पुलिस भर्ती परीक्षा में रहेगी कड़ी निगरानी
सोनभद्र। पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। जिले में छह केंद्रों पर परीक्षा होनी है। सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी की अलग से तैनाती की गई है।
परीक्षा के लिए रॉबटर्सगंज स्थित राजा शारदा महेश इंटर काॅलेज, आर्दश इंटर काॅलेज, राजकीय बालिका इंटर काॅलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय, लोढ़ी स्थित राजकीय पालीटेक्निक काॅलेज और चंद्रगुप्त मौर्य इंटर काॅलेज मधुपुर को केंद्र बनाया गया है। प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह दस से 12 बजे तक होगी। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से पांच बजे तक होगी। प्रत्येक पाली में 2160 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। इसके लिए पुलिस महकमे की तरफ से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक सेक्टर और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। केंद्र तक पेपर पहुंचाने की जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट की होगी। अधिकारी परीक्षा केंद्र पर मिलने वाली कमियों को दूर कराने में जुटे हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक निरीक्षक, दो-दो एसआई के साथ ही पुलिस और होमगार्ड के जवान तैनात रहेंगे। इसके अलावा सीओ, सर्विलांस, स्वाट, एसओजी व एलआईयू की टीम भी निगरानी के लिए लगाई गई है। मिर्जापुर मंडलायुक्त, डीएम और एसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर वहां की तैयारियों को परखा।
पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए जनपद में छह केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में प्रत्येक पाली में 2160 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों की जांचकर वहां मिलने वाली सभी कमियों को दूर कराया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता के साथ परीक्षा पूरी कराई जा सके। -कालू सिंह, एएसपी।