जिले में अमृत महोत्सव के दौरान 2061 परिषदीय विद्यालयों के 2.67 लाख बच्चों को मिड डे मील के अलावा स्वादिष्ट भोजन मुहैया कराये जाने में प्रधानों और प्रधानाध्यापकों को विशेष दिक्कत नहीं आएगी। शासन ने मध्याह्न भोजन के मिड-डे-मील के मद में विद्यालयों के लिए करीब आठ करोड़ रुपये अवमुक्त किया है। बेसिक शिक्षा विभाग छात्रों की संख्या के आधार पर कंवर्जन कास्ट की निर्धारित धनराशि मध्याह्न भोजन निधि में भेजने की तैयारी में जुट गया है।
आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत योगी सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग को परिषदीय स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को विशेष भोज का प्रबंध करने का निर्देश दिया है। उक्त आदेश के क्रम में बेसिक शिक्षाधिकारी हरिबंश कुमार ने समस्त खंड शिक्षाधिकारी को 11 से 17 अगस्त के मध्य आयोजित होने वाले हर घर तिरंगा कार्यक्रम के दौरान मध्याह्न भोजन में बच्चों के लिए प्रतिदिन विशेष भोज यानी हलवा, खीर, लड्डू, बूंदी और फल शामिल करने का निर्देश दिया है। बीएसए ने अधिकारियों को वर्तमान में प्रचलित मेन्यू के अतिरिक्त विशेष भोजन उपलब्ध कराने को कहा है। वहीं शासन ने ग्राम प्रधानों और प्रधानाचार्यों को स्वादिष्ट भोजन परोसने में धन की कमी न हो, इसके लिए मीड डे मिल के मद के लिए करीब आठ करोड़ रुपये भेज दिया है। हालांकि शिक्षा विभाग का दावा है कि अभी सभी विद्यालयों के मध्याह्न भोजन निधि में पर्याप्त धन है। इसके बावजूद जल्द ही शासन से मिले धन को भेज दिया जाएगा। बेसिक शिक्षाधिकारी हरिवंश कुमार ने कहा कि अभियान के दौरान बच्चों को विशेष भोजन का इंतजाम कराया जाएगा। इसके लिए खंड शिक्षाधिकारियों समेत अन्य मातहतों को निर्देशित कर दिया गया है।