अनपरा में राज्य सभा सांसद राम शकल से वार्ता करते रेलवे परामर्श दात्री समिति के सदस्य एस के गौतम
- फोटो : SONBHADRA
अनपरा। ऊर्जांचल दौरे पर बुधवार को आये राज्य सभा सांसद रामशकल से क्षेत्रीय रेल सलाहकार समिति सदस्य (रेलवे बोर्ड) एसके गौतम ने मुलाकात कर आगामी दीपावली व छठ पर्व को देखते हुए विशेष ट्रेन चलाने की मांग की। उन्होंने सिंगरौली, शक्तिनगर, रेणुकूट व चोपन रूट से चलने वाली त्रिवेणी व इंटरसिटी एक्सप्रेस, पटना लिंक एक्सप्रेस, टाटा-जम्मूतवी आदि रेलगाड़ियों को विशेष ट्रेन के रूप में जनता की मांग को देखते हुए संचालित कराने की मांग की। विशेष रेलगाड़ियों के संचालित न होने से जनता में आक्रोश बढ़ रहा है। लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए मिर्जापुर व वाराणसी जाना पड़ रहा है। सिंगरौली से पटना तक चलने वाली लिंक एक्सप्रेस का 10 नवंबर से 30 नवंबर तक विशेष रेलगाड़ी के संचालन का प्रस्ताव सीपीटीएम रेलवे जोन हाजीपुर द्वारा रेलवे बोर्ड भेजा गया है, लेकिन आदेश अभी तक जारी नहीं हुए हैं। एसके गौतम ने चोपन-प्रयागराज एक्सप्रेस गाड़ी जिसे रेलवे बोर्ड ने पैसेंजर से एक्सप्रेस ट्रेन में परिवर्तित किया है, उसका रूट विस्तार शक्तिनगर तक कराए जाने का अनुरोध किया। सांसद रामशकल ने कहा कि उक्त प्रस्तावों को लेकर वो 9 नवंबर को रेल मंत्री पियूष गोयल व चेयरमैन रेलवे बोर्ड से दिल्ली में मिलकर मांग रखेंगे।