तहसील क्षेत्र के खुटहां गांव में बुधवार को एंबुलेंस में ही किलकारी गूंज उठी। प्रसूता व बेटी दोनों स्वस्थ हैं। उन्हें घोरावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। नवरात्र में रामनवमी के दिन बेटी के जन्म से परिजनों में खुशी का माहौल है।
एंबुलेंस सेवा के ईएमटी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि ओदार गांव निवासी दीपू साकेत (23) पत्नी विकास साकेत प्रसव पीड़ा से बेहाल है। सूचना मिलते ही एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंची। उस समय दीपू तीव्र प्रसव पीड़ा से तड़प रही थी। एंबुलेंस उसे लेकर घोरावल सीएचसी के लिए रवाना हुई। रास्ते में खुटहा गांव में ही प्रसव का समय हो गया। एंबुलेंस में उपलब्ध संसाधनों की मदद से ओदार गांव की आशा शीला देवी और ईएमटी वीरेंद्र कुमार ने पायलट सुनील कुमार व महिला के परिजनों की मदद से ही सुरक्षित ढंग से प्रसव कराया। जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। उधर नवरात्र में रामनवमी के दिन घर में बेटी के जन्म को परिजन माता दुर्गा का आशीर्वाद मानकर बेहद खुश हैं। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. कीर्ति आजाद बिंद ने बताया कि जच्चा बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।