चतरा ब्लॉक के खडुई ग्राम पंचायत की प्रधान मीरा देवी ने बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अपने पति, पंचायत सचिव और कंप्यूटर ऑपरेटर पर ग्राम पंचायत निधि में अनियमितता और सरकारी धन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रधान मीरा देवी का आरोप है कि उनकी अनुमति और हस्ताक्षर के बिना ग्राम पंचायत निधि से भुगतान किए गए। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों से मिलीभगत कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया तथा डोंगल और अन्य डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर भुगतान निकाले गए। शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि उन्हें ग्राम पंचायत की बैठकों और वित्तीय निर्णयों से दूर रखा गया। साथ ही मनरेगा कार्यों में अनियमितता, फर्जी हस्ताक्षर के जरिए भुगतान, विभिन्न फर्मों को किए गए भुगतानों तथा प्राथमिक विद्यालयों में फर्जी उपस्थिति दर्ज कर धन निकासी की जांच कराने की भी मांग की गई है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।