सोनभद्र। निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन की तैयारियां तेज हो गई है। लगातार नए निर्देश जारी हो रहे हैं तो उसे पूरा करने के लिए सरकारी महकभी युद्धस्तर पर लग गया है। निकाय चुनाव पूर्व की तरह बैलेट पेपर से होंगे। प्रत्येक बूथ पर एक ही मतपेटी में अध्यक्ष और सभासद पद के लिए वोट डाले जाएंगे। बस मतपत्रों का रंग अलग-अलग होगा। मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए प्रत्याशी खुद या अपने एजेंट को बूथ पर तैनात कर सकेंगे, लेकिन उन्हें बूथ के बाहर से ही निगरानी करनी होगी।
डीएम चंद्र विजय सिंह ने बताया कि जहां प्रत्याशियों की संख्या अधिक है, वहां मतदान अभिकर्ताओं (एजेंट) को पोलिंग स्टेशन के बाहर बरामदे या ऐसे स्थान पर बैठाया जा सकता है, जहां से वे मतदान करने जा रहे मतदाता को भली भांति देख सकें और बाहर से ही पोलिंग स्टेशन के अंदर हो रही पूरी प्रक्रिया भी उन्हें दिखाई पड़ती रहे। अगर किसी अभिकर्ता को किसी मतदाता या अन्य कोई आपत्ति करना हो तो वे पीठासीन अधिकारी से लिखित या मौखिक आपत्ति कर सकता है। मतदान की समाप्ति पर मतपेटी को बंद करते समय भी मतपेटी की सील पर अपने हस्ताक्षर करना चाहें तो वे अंदर आ सकते है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी भी मतदान स्थल के अंदर तब तक प्रवेश नहीं करेंगे जब तक पीठासीन अधिकारी उन्हें अनुमति न दे। मतदान केंद्र के 200 मीटर की परिधि में किसी दल या उम्मीदवार की ओर से टेंट आदि नहीं लगाया जाएगा। पीठासीन अधिकारी, मतदान अभिकर्ताओं से उनका नियुक्ति पत्र प्राप्त करेंगे और मतदान केंद्र में मतदान अभिकर्ता पास लगाकर उपस्थित रहेंगे। मतदान केन्द्र पर मतदान अभिकर्ता मोबाइल के साथ प्रवेश नहीं करेंगे।