सोनभद्र। सदर कोतवाली क्षेत्र के ऊंचडीह गांव में युवक को पेड़ से बांधकर लात-घूसे और चप्पल से पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय भगवान श्री परशुराम अखाड़ा परिषद के नेतृत्व में सवर्ण समाज के लोगों ने कोतवाली का घेराव किया। गेट के सामने धरने पर बैठ गए। सदर विधायक भी धरने में शामिल हुए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी। मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे लोग शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। एएसपी और एसडीएम के आश्वासन के बाद लोग शांत हुए।
ऊंचडीह गांव निवासी सुनील पांडेय के पुत्र अमितेश पांडेय की पिटाई का वीडियो दो दिन पहले वायरल हुआ था। इसमें गांव के ही कुछ लोग उसे पकड़कर लात-घूसे और चप्पल से पीट रहे थे। छानबीन हुई तो मामला पेड़ की कटाई को लेकर विवाद से जुड़ा मिला। सुनील पांडेय के मुताबिक, गांव में स्थित उनके पुश्तैनी घर के पास खेत में लगे आम व शीशम का पेड़ कुछ लोग 23 जून को काट रहे थे। अमितेश ने उन्हें भगा दिया। इसी खुन्नस में 27 जून को आरोपियों ने अमितेश की जमकर पिटाई की। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज किया था। बृहस्पतिवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी, गैंगस्टर के तहत कार्रवाई सहित विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को सवर्ण समाज के लोग सदर कोतवाली पहुंचे। गेट पर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। कोतवाल सत्येंद्र राय ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं बनी। बाद में सदर विधायक भूपेश चौबे भी कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के साथ धरने में शामिल हो गए। जानकारी होने पर एएसपी त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी, एसडीएम राजेश सिंह, सीओ सदर संजीव कटियार पहुंचे। उन्होंने लोगों से वार्ता की। आश्वस्त किया कि मामले में पुलिस गंभीरता से लगी हुई है। दो आरोपी पकड़े गए हैं। अन्य को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी। आश्वासन के बाद लोग शांत हुए। विरोध प्रदर्शन में आलोक चतुर्वेदी, अनूप तिवारी, राघवेंद्र नारायण, धीरज पांडेय, अनुपम तिवारी, राजेश त्रिपाठी, प्रशांत चौबे, अमित पांडेय, सोनी पांडेय, मृगांक दुबे, शिवम राजपूत आदि मौजूद रहे।
-
अमितेश को न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा
सोनभद्र। एनएसयूआई के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सचिव राघवेंद्र नारायण ने घटना में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। कहा कि जब तक अमितेश को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। कहा कि भाजपा राज में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शासन का इकबाल खत्म हो चुका है। अपराधियों को कड़ी सजा नहीं दी जाती तो इस तरह की पुनरावृत्ति होती रहेगी, जो किसी भी सभ्य समाज के लिए कतई उचित नहीं है। संवाद