सोनभद्र। मतदेय स्थलों के संभाजन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। आयोग के निर्देशों से अवगत कराते हुए मतदेय स्थलों के संशोधन प्रस्तावों पर चर्चा की। दुद्धी और रॉबर्ट्सगंज में मतदान के लिए समय सीमा बढ़ाने की मांग की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदेय स्थल बनाने के लिए भवनों का चयन व सत्यापन अधिकतम मतदाताओं के आधार पर कराया जाना है। किसी मतदान केंद्र पर अगर दो बूथ बनाए गए हैं तो 1500 मतदाता प्रति मतदेय स्थल के आधार पर समायोजित करने का प्रयास किया जाएगा। विशेष परिस्थिति में 300 से कम मतदाता वाले बूथाें को अन्य बूथों के साथ समायोजन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शहरी क्षेत्रों में जहां नई आवासीय काॅलोनियां बनी हैं और उसमें मतदाताओं की संख्या है तो नया पोलिंग स्टेशन बनाया जा सकता है। अत्यधिक पुराने व जर्जर भवन वाले मतदेय स्थल को मतदान क्षेत्र के अंतर्गत उपलब्ध स्थायी भवन में स्थानांतरित किया जाएगा। पोलिंग स्टेशन की दूरी लगभग दो किलोमीटर से अधिक नहीं होनी चाहिए। इस दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने कहा कि दुद्धी व राॅबर्ट्सगंज विधान सभा में मतदान का समय प्रातः 07 बजे से सायं 04 बजे तक ही निर्धारित है। ऐसे में यहां के लोगों मतदान करने के लिए अन्य क्षेत्रों की अपेक्षा कम समय मिलता है। पूर्व में नक्सल प्रभावित होने के कारण समय परिवर्तन किया गया था। अब नक्सल प्रभावित न होने के कारण समय में परिवर्तन होना आवश्यक है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने इस बारे में आयोग से पत्राचार का आश्वासन दिया। बैठक में एडीएम सहदेव कुमार मिश्र, रोहित यादव, एसडीएम राजेश कुमार सिंह, निखिल यादव, विवेक कुमार सिंह, तहसीलदार अमित कुमार सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जगरूप सिंह आदि मौजूद रहे।