महुली। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली स्थित उपकेंद्र के मुख्य गेट सहित भीतर के दवा स्टोर एवं आलमारी का ताला तोड़ चोरों ने पिछले रातों हाथ साफ कर दिया। उपकेंद्र पर तैनात एएनएम एकता सिंह के अपने घर चले जाने के नाते चोरी सामानों की जानकारी नहीं हो सकी। महुली निवासी एवं उपकेंद्र से संबद्ध एएनएम अंजू कुमारी को गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी कि उपकेंद्र के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है। एएनएम ने जब मौके पर जाकर देखा तो स्टोर और आलमारी का ताला टूटा हुआ था। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना 112 नंबर पर दी। अंजू कुमारी ने बताया कि उपकेंद्र पर निवास करने वाली एएनएम एकता सिंह इन दिनों अपने घर गयी हुई हैं। इसलिए किन चीजों की चोरी हुई यह स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। उन्हें भी इसकी सूचना दी गई है। अंजू कुमारी के मुताबिक 112 नंबर पुलिस की मौजूदगी में बाहर के टूटे हुए तालों के स्थान पर नये ताले लगा दिये गए हैं। विंढमगंज थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि उन्हें इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिला है।