घोरावल ब्लॉक में क्षेत्र पंचायत की बैठक में शामिल लोग।स्रोत स्वयं
घोरावल। घोरावल क्षेत्र पंचायत की बैठक बृहस्पतिवार को ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख दीपक सिंह पटेल की अध्यक्षता में हुई। पिछले वित्तीय वर्ष के कार्यों की समीक्षा के साथ नए वित्तीय वर्ष की विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई। मनरेगा के तहत आगामी वर्ष में साढ़े छह लाख मानव दिवस रोजगार सृजित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। बैठक में बताया गया कि पिछले वित्तीय वर्ष में मनरेगा के माध्यम से पांच लाख मानव दिवस रोजगार उपलब्ध कराया गया। वहीं नए वित्तीय वर्ष में विकसित भारत अभियान के तहत साढ़े छह लाख मानव दिवस रोजगार उपलब्ध कराने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। सदस्यों ने अधूरी विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और नई योजनाओं को समयबद्ध ढंग से क्रियान्वित कराने पर जोर दिया। दो करोड़ की कार्ययोजना को ध्वनिमत से स्वीकृति दी गई। बैठक में 12 जुलाई से प्रस्तावित वृहद पौधरोपण अभियान के तहत प्रत्येक क्षेत्र पंचायत सदस्य की ओर से एक पेड़ मां के नाम अभियान में पौधरोपण करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। बैठक में प्राथमिक शिक्षा, बाल विकास परियोजना, ग्रामीण विकास, पेयजल आदि विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। बीडीओ नितिन कुमार ने पिछले वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना की पुष्टि और नए वित्तीय वर्ष की प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी दी।